ख़बरें लाइव
शुक्र, 13 नवंबर 2026अपडेट 12:24 PM IST
वाराणसी

वाराणसी में देव दीपावली की तैयारियां तेज, 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे 84 गंगा घाट

वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली पर 11 लाख से अधिक दीयों से गंगा के सभी घाट जगमगाएंगे। प्रशासन ने 10 जोन में सुरक्षा बांटकर नावों के लिए टू-वे सिस्टम बनाया है।

Ashish ·
फोटो: ख़बरें लाइव

कार्तिक पूर्णिमा पर काशी के गंगा तट पर होने वाले विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली महापर्व को लेकर वाराणसी में प्रशासनिक और स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। 24 नवंबर को नमो घाट से लेकर अस्सी घाट तक के सभी 84 पक्के घाटों, उस पार रेती और शहर के 100 से अधिक ऐतिहासिक कुंडों-तालाबों पर 11 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। इससे पहले 20 से 23 नवंबर के बीच नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कला और संस्कृति के विभिन्न रंग देखने को मिलेंगे।

देव दीपावली: 20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव, 24 को मुख्य पर्व

प्रशासन की ओर से तय रूपरेखा के अनुसार, उत्सव की शुरुआत 20 नवंबर को नमो घाट पर गंगा महोत्सव से होगी। चार दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक उत्सव में शास्त्रीय संगीत, लोकनृत्य और काशी की पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद 24 नवंबर की शाम को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्य देव दीपावली पर्व मनाया जाएगा। इसी दिन गुरु नानक जयंती भी है, जिसको लेकर शहर के गुरुद्वारों में लंगर और कीर्तन की अलग से विशेष व्यवस्था की जा रही है |

घाटों से लेकर कुंडों तक रोशनी, 1 लाख दीये गोबर के

इस बार केवल मुख्य गंगा घाट ही नहीं, बल्कि सामने रेती, सारनाथ, मारकंडेय महादेव मंदिर और शहर के प्रमुख ऐतिहासिक सरोवरों को भी दीपों से सजाया जाएगा। कुल 11 लाख दीयों में से लगभग 1 लाख दीये गाय के गोबर से तैयार किए जा रहे हैं, ताकि उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जुड़े। इन दीयों को तैयार करने का जिम्मा स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों को दिया गया है |

चेत सिंह घाट पर 3D लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी

देव दीपावली की शाम दशाश्वमेध घाट पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसके साथ ही चेत सिंह घाट की ऐतिहासिक दीवारों पर थ्री-डी प्रोजेक्शन और लेजर शो के जरिए भगवान शिव और काशी के पौराणिक इतिहास का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं श्री काशी विश्वनाथ धाम के सामने गंगा पार रेती पर पर्यावरण अनुकूल ग्रीन आतिशबाजी की योजना बनाई गई है।

नावों के लिए टू-वे लेन सिस्टम और 10 जोन में सुरक्षा घेरा

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट और जिला प्रशासन ने सुरक्षा का विस्तृत खाका तैयार किया है:

  • पूरे आयोजन क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है।
  • गंगा नदी में नमो घाट से अस्सी घाट के बीच नावों के संचालन को नियंत्रित करने के लिए टू-वे लेन व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि नदी में जाम की स्थिति न बने।
  • आपात स्थिति से निपटने के लिए गंगा में फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन और वॉटर एम्बुलेंस तैनात रहेंगी।
  • शहर के 14 बड़े अस्पतालों को आपस में जोड़ते हुए एक मेडिकल ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया जाएगा।

यातायात डायवर्जन और नागरिकों के लिए जरूरी सुझाव

पर्व के दिन शहर के प्रमुख मार्गों पर भीड़ का भारी दबाव रहेगा। यातायात पुलिस ने इसके लिए 7 प्रमुख डायवर्जन पॉइंट और 31 पार्किंग स्थल तय किए हैं। गोदौलिया, मैदागिन, सोनारपुरा और अस्सी की ओर जाने वाले रास्तों पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश नियंत्रित रहेगा। स्थानीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे घाटों की तरफ निजी वाहनों के बजाय पैदल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। साथ ही नाव की सवारी करते समय लाइफ जैकेट अनिवार्य रूप से पहनें और केवल अधिकृत दरों पर पंजीकृत नावों का ही इस्तेमाल करें।

यह भी पढ़ें: देव दीपावली: काशी में महीने भर पहले होटल हाउसफुल, 15 लाख पर्यटकों के आने का अनुमान | स्वच्छ सर्वेक्षण: बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन में वाराणसी को मिला देश में तीसरा स्थान | BHU के बिरला हॉस्टल में दीपोत्सव: 1100 दीयों से जगमगाया परिसर, छात्रों ने मनाया जश्न

ये भी पढ़ें